बेतुल
बैतूल में 14 महीने से अटकी उच्च पद प्रभार काउंसलिंग, शिक्षक पहुंचे भोपाल
प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव के नेतृत्व में बैतूल जिले से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों ने 9 सितंबर को आयुक्त जनजाति कार्य विभाग भोपाल से मुलाकात की। इस दौरान लंबे समय से लंबित पड़े उच्च पद प्रभार की काउंसलिंग शीघ्र कराने को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह ने आयुक्त महोदय को अवगत कराया कि मध्य प्रदेश के सभी जिलों में उच्च पद प्रभार की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन बैतूल जिले में पिछले 14 महीने से यह प्रक्रिया अटकी हुई है। शिक्षकों को इस कारण से प्रमोशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आयुक्त से आग्रह किया कि बैतूल जिले में भी तत्काल प्रभाव से उच्च पद प्रभार की काउंसलिंग की कार्यवाही प्रारंभ की जाए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ बैतूल जिला अध्यक्ष सचिन राय, भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड़ भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो जिलेभर के शिक्षक आंदोलन के लिए विवश होंगे। आयुक्त जनजाति कार्य विभाग से हुई मुलाकात में बैतूल जिले के शिक्षकों की इस महत्वपूर्ण समस्या को गंभीरता से रखते हुए त्वरित निराकरण की मांग की गई।



