
गेट नंबर 93 पर 80 फीट चौड़ा आरओबी बनाने की तैयारी, शहरवासियों को मिलेगी जाम से मुक्ति
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। शहर के बीचोंबीच स्थित रेलवे फाटक संख्या 93 पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। रेलवे ने इस रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए इसे ‘विशेष रेलवे परियोजना’ घोषित किया है। करीब 48 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस ओवरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव है। इसके बनने से खैरथल शहर के मुख्य बाजार सहित आसपास के इलाकों में आए दिन लगने वाले यातायात जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्रालय ने 19 अक्टूबर 2026 को तथा जयपुर रेलवे मंडल ने 29 अक्टूबर 2026 को इस परियोजना के संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके बाद ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया को लेकर उम्मीदें तेज हो गई हैं। प्रस्तावित आरओबी की चौड़ाई 80 फीट रखी गई है, जिसमें सड़क के केंद्र से दोनों ओर 40-40 फीट का विस्तार प्रस्तावित है। परियोजना के लिए लगभग 48 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
दिन में कई बार बंद होता है रेलवे फाटक
खैरथल शहर के मध्य से गुजरने वाली दिल्ली-जयपुर मुख्य रेलवे लाइन पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 93 यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही यह मार्ग एमडीआर-25 भिवाड़ी-कोटपूतली सड़क मार्ग से भी जुड़ा हुआ है। इस मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ट्रेनों के आवागमन के कारण रेलवे फाटक को दिन में कई बार बंद करना पड़ता है। ऐसे में फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और मुख्य बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
कई बार फाटक बंद रहने के दौरान दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ भारी वाहनों को भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इसका असर व्यापारियों, दुकानदारों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और आम राहगीरों की दिनचर्या पर पड़ता है।
किशनगढ़-खैरथल-कोटपूतली मार्ग को मिलेगा लाभ
प्रस्तावित ओवरब्रिज का लाभ केवल खैरथल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किशनगढ़-खैरथल-कोटपूतली मार्ग से आवागमन करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को भी राहत मिलेगी। रेलवे फाटक पर ट्रेनों के गुजरने के दौरान लगने वाले जाम से बचते हुए वाहन ओवरब्रिज के जरिए निर्बाध आवागमन कर सकेंगे। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने और आवागमन सुगम होने की संभावना है।
व्यापार और आमजन को भी मिलेगी राहत
खैरथल का मुख्य बाजार रेलवे फाटक के आसपास होने के कारण फाटक बंद होने का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। जाम के कारण ग्राहकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ओवरब्रिज बनने से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही स्थानीय व्यापार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। अब शहरवासियों की नजरें परियोजना के अगले चरण और निर्माण कार्य शुरू होने की प्रक्रिया पर टिकी हैं।

