भरत पुर
बयाना-भरतपुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी
पत्थर स्लैब के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। बयाना-भरतपुर स्टेट हाईवे पर रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना बिड़यारी गांव के पास हुई। जहां तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 फीट नीचे गड्ढे में जा पलटा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थर के स्लैब लदे हुए थे और कुछ मजदूर उसी पर बैठे हुए थे। हादसे के दौरान वाहन पलटने से भारी पत्थर स्लैब मजदूरों के ऊपर गिर गए। इस घटना में नगला सिंघाड़ा, थाना रुदावल निवासी 35 वर्षीय हरिसिंह गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में घायल 40 वर्षीय मजदूर दिनेश को स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल बयाना उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे भरतपुर के लिए रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं आम हैं, जिससे अक्सर हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।


