बालाघाट

कलेक्टर नें की विद्युत विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बालाघाट(म0प्र0) : कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा 25 मार्च को ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों तथा उपस्थित वेंडर्स के साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति पर विस्‍तार से समीक्षा की गई।

बैठक में सर्वप्रथम पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तार से चर्चा की गयी। अधीक्षण अभियंता श्री मेरावी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले के लिए दिसंबर 2026 तक 9894 सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक केवल 836 संयंत्र स्थापित किए गए है। कलेक्टर श्री मीना ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यपालन अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे वितरण केंद्र स्तर पर उपभोक्ताओं से संपर्क बढ़ाकर प्रगति में तेजी लाएं। साथ ही कैंप आयोजित कर उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करने तथा बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने के लिए समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

कुसुम-बी योजना की समीक्षा के दौरान अग्रणी बैंक प्रबंधक को सोलर पंप स्थापना के लंबित ऋण प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए। आरडीएसएस योजना की समीक्षा के दौरान कार्यों की गुणवत्ता की जांच व्यापक स्तर पर करने एवं समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं धरती आबा योजना के कार्यों को मार्च माह के भीतर पूर्ण करने पर जोर दिया गया। बिजली आपूर्ति की समीक्षा के दौरान लांजी एवं भानेगांव क्षेत्रों में वोल्टेज संबंधी शिकायतों को तत्काल दूर करने तथा आगामी ग्रीष्मकालीन विद्युत भार को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अधीक्षण अभियंता अमित कुमार मेरावी, अग्रणी बैंक प्रबंधक संजीव कुमार, अक्षय ऊर्जा विभाग के करण परीमल तथा विभिन्न कंपनियों के वेंडर्स उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button