पाकुड़

खेलो झारखंड प्रतियोगिता में पाकुड़िया हाई स्कूल बना फुटबॉल चैंपियन

Pakuria High School becomes football champion in the 'Khelo Jharkhand' competition.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़िया प्रखंड स्तरीय ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता के तहत 11 एवं 12 सितंबर को विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं अंडर-17 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।  शुक्रवार को एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। इसमें 100, 200, 400, 800 एवं 1500 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉर्ट पुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो एवं रिले रेस सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विभिन्न स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं, शनिवार को अंडर-17 आयु वर्ग के फुटबॉल मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें प्रखंड के सभी हाई स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हाई स्कूल पाकुड़िया और एकलव्य विद्यालय राजबाड़ी के बीच खेला गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में हाई स्कूल पाकुड़िया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 गोल से जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, जिससे मैदान में मौजूद दर्शक रोमांचित रहे। प्रतियोगिता के समापन के बाद विजेता टीम एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कप एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए शिक्षक एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी बिरनाल सोरेन के साथ सुनील मरांडी, सागनेन टुडू, बबलू किस्कू, प्रदीप सोरेन, प्रीति मुर्मू, स्नेहलता सोरेन, शिवजी साव, सत्यवती हेंब्रम, सुबान किस्कू एवं शांतिलता बारस्की सहित अन्य शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button