गाजियाबाद
गाजियाबाद में रविवार को भी खुलेंगे रजिस्ट्री कार्यालय: डीएम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बड़ा फैसला करते हुए घोषणा की है कि रविवार, 28 सितम्बर 2025 को भी जनपद के सभी उप-रजिस्ट्रार कार्यालय खुले रहेंगे। डीएम ने बताया कि नवरात्र के दौरान लोग नए घर, ज़मीन और संपत्ति खरीदना शुभ मानते हैं, जिससे रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या बढ़ गई है। आमजन की सुविधा को देखते हुए रविवार को भी रजिस्ट्री कार्य होंगे।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यालयों में पर्याप्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए और तकनीकी व्यवस्थाएँ सुचारु रहें, ताकि किसी को लंबा इंतज़ार न करना पड़े। यह निर्णय उन लोगों के लिए भी राहत भरा होगा, जो सप्ताह के अन्य दिनों में व्यस्त रहते हैं। लोनी बलराम नगर स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में भीड़ अधिक रहने के कारण यहाँ विशेष व्यवस्था की गई है। डीएम ने अपील की है कि लोग निर्धारित समय पर आएं और सभी जरूरी दस्तावेज़ साथ लाएँ, ताकि प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।


