अमरोहा
आदमपुर में ‘मिशन शक्ति’ व ‘सड़क सुरक्षा’ अभियान की धूम, पुलिस ने छात्रों को सिखाए सुरक्षा के गुर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार, आदमपुर थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में ‘मिशन शक्ति’ और ‘सड़क सुरक्षा’ अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को उनकी सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति विस्तार से जागरूक किया।
छात्राओं को सिखाए सुरक्षा के उपाय:
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं को कमजोर न समझें। पुलिस ने छात्राओं को ‘गुड टच-बैड टच’ और साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि यदि कोई उन्हें राह चलते परेशान करता है या सोशल मीडिया पर डराता है, तो वे तत्काल वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस हेल्पलाइन 112 या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत करें। पुलिस ने छात्राओं में आत्मविश्वास भरते हुए कहा कि प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि जीवन अनमोल है और एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। छात्रों को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई। पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे अपने परिजनों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, और पुलिस बल मौजूद रहा। छात्र-छात्राओं ने सुरक्षा के इन गुणों को आत्मसात करने और नियमों का पालन करने की शपथ ली। इस पहल की स्थानीय अभिभावकों ने भी काफी सराहना की है।


