गाजियाबाद

सभासदों ने नवनियुक्त ईओ को गिनाईं क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं

स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, कर्मचारियों के वेतन, प्रदूषण नियंत्रण और विकास कार्यों की समयबद्धता पर हुई चर्चा

अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी ने प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
लोनी, गाजियाबाद : नगरपालिका लोनी के नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी (ईओ) वैभव त्रिपाठी से भाजपा सभासद दल अध्यक्ष पंडित रोहित भारद्वाज के नेतृत्व में स्थानीय सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर नगर की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा। बैठक में नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सभासदों ने कहा कि सफाई व्यवस्था चरमराने से कई वार्डों में गंदगी के ढेर लगे हैं, नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही और नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान भाजपा सभासद दल अध्यक्ष पं. रोहित भारद्वाज ने कहा कि नगर क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा सभी गलियों में पहचान बोर्ड लगाए जाएं, ताकि लोगों को आवागमन और पते संबंधी सुविधा मिल सके। उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग की ग्रीन बेल्ट पर बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सभासदों ने नगरपालिका कर्मचारियों के वेतन भुगतान का विषय भी मजबूती से रखा। पं. भारद्वाज ने कहा कि कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन मिलना सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि वेतन में देरी से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही बोर्ड बैठक की लाइव कार्यवाही कराने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे पारदर्शिता बढ़ सके।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर में चल रहे विकास कार्यों की समय सीमा तय करने की मांग करते हुए कहा कि अधूरे कार्यों के कारण जनता को असुविधा हो रही है। इसके अलावा बच्चों के अंतिम संस्कार हेतु अलग कब्रिस्तान की व्यवस्था, विद्यालयों एवं धार्मिक स्थलों पर वाटर कूलर लगाने, लालबाग सब्जी मंडी का स्थानांतरण कराने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग भी की गई।
सभासदों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का परिचय कराते हुए कहा कि नगर की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यशैली के साथ नगरपालिका प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से काम करेगा।
नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी ने सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर की व्यवस्थाओं को सुधारने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button