गाजियाबाद
ट्रोनिका सिटी में ‘आतंकवाद व दंगामुक्त भारत’ के संकल्प के साथ पैदल यात्रा आज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : ‘जय हिंद’ के नारों और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ पसमांदा समाज द्वारा आयोजित ‘आतंकवाद व दंगामुक्त भारत पैदल यात्रा’ का शुभारंभ आज शाम 4 बजे दौलत नगर कॉलोनी से किया जाएगा। यह यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए पाभी पुस्ता चौकी पर संपन्न होगी।
कार्यक्रम का आयोजन हिन्दुस्तानी पसमांदा मंच द्वारा किया गया है। मंच के राष्ट्रीय संयोजक मौ शमशाद मीर ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य देश में सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रवाद, शांति, तथा आतंकवाद-मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होंगे प्रतिभागी
यात्रा में हिन्दुस्तानी पसमांदा मंच
उत्तर प्रदेश संयोजक नूर हसन भाटी,
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केंद्रीय प्रचारक एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश कुमार,
सहित बड़ी संख्या में पसमांदा समाज के कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार यह यात्रा समाज के कमजोर तबके को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने, युवाओं में जागरूकता फैलाने और देश में शांति व भाईचारे का संदेश देने का प्रयास है।
प्रतीकात्मक पुतला दहन कार्यक्रम
यात्रा के समापन पर पाभी पुस्ता चौकी पर आतंकवाद तथा उससे जुड़े प्रतीकात्मक तत्वों के विरोध में पुतला दहन किया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह कदम केवल आतंकवाद के खिलाफ विरोध का प्रतीकात्मक रूप है, जिसका उद्देश्य किसी समुदाय या देश विशेष को लक्ष्य बनाना नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और शांति के पक्ष में आवाज उठाना है।
आयोजकों ने नागरिकों से शांतिपूर्ण भागीदारी की अपील की
पसमांदा मंच की ओर से सभी प्रतिभागियों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनुशासन, सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए यात्रा में शामिल हों, ताकि आयोजन का संदेश सकारात्मक रूप में अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचे।


