अपनी जनता पार्टी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव–स्वामी प्रसाद मौर्य
बाबा बागेश्वर हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे, उनके पूर्वजों ने नहीं की--स्वामी प्रसाद मौर्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह बात अमेठी में अखिल भारतीय मौर्य महासंघ द्वारा आयोजित सम्राट अशोक विजयादशमी महोत्सव में शामिल होने के दौरान कही।
यह कार्यक्रम अमेठी विधानसभा क्षेत्र के मुराई का पुरवा गांव में आयोजित किया गया था। इसमें मौर्य महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री मौर्य ने इस अवसर पर मौर्य समाज के लोगों को संबोधित किया।मौर्य ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पार्टी गठबंधन करने पर भी विचार करेगी।इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने बाबा बागेश्वर और भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाबा बागेश्वर हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे हैं, जबकि उनके पूर्वजों ने कभी हिंदू राष्ट्र की लड़ाई नहीं लड़ी।मौर्य ने आगे कहा कि देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने शहादत दी है, कई ने जेल में जीवन बिताया, गोलियां खाईं और फांसी के फंदे को चूमा। उन्होंने हिंदू राष्ट्र की मांग करने वालों को देश का दुश्मन बताया और आरोप लगाया कि वे धर्म का चोंगा पहनकर देश को बांटना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत भारतीय संविधान से चलेगा, किसी ढोंगी के फरमान से नहीं।
इस कार्यक्रम में शत्रुघ्न मौर्य, श्रीराम मौर्य प्रवक्ता, गौरव मौर्य, विकास मौर्य, सिद्धार्थ मौर्य, हौसिला मौर्य, मनदीप और दूधनाथ सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



