गोड्डा
जिला नियोजन कार्यालय एवं जिला कौशल समिति की हुई समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला नियोजन कार्यालय एवं जिला कौशल समिति की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। इस दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी के द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि जिला नियोजन कार्यालय में कुल 14035 युवक- युवतियां निबंधित हैं। जिसमें 8233 गोड्डा नियोजनालय एवं 5802 ललमटिया नियोजनालय में निबंधित है। उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिया गया कि विभिन्न स्कूलों- कॉलजों में बेरोजगार युवक- युवतियों के लिए कार्यशाला आयोजन कर उन्हें अप्रेंटिसशिप से जोड़कर रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान किए जाएं। उपायुक्त ने झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र के स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम 2021 एवं नियमावली 2022 के अनुपालन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री सारथी योजना अंतर्गत बिरसा योजना, डीडीयूकेके से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य होना चाहिए। उन्होने निर्देशित किया कि पाठ्यक्रमों की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों की दक्षता, नामांकन की प्रक्रिया एवं प्रशिक्षित युवाओं की प्लेसमेंट स्थिति की निगरानी रखे जाएं। समीक्षा के क्रम में जिले में चलाए जा रहे प्राइवेट एवं सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। जिला नियोजन पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि फायर एण्ड सेफ्टी, खनन, हैंडीक्राफ्ट जैसी ट्रेडो की शुरुआत कर स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान किए जा सकते हैं। मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी पद्मा कुमारी, जेएसएलपीएस के डीपीएम, डीएमएफटी, आरसेटी, स्कील सेंटर के अधिकारीगण सहित कार्यालय कर्मीगण मौजूद थे।



