गोड्डा
छठ को लेकर शुरू नहीं हुई बसंतराय तालाब की सफाई
गंदगी के बीच व्रती कैसे भगवान सूर्य को देंगी अर्घ्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय। प्रखंड मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक तालाब के चारो ओर छठ घाटों में भारी गंदगी फैली हुई है। इसकी सफाई अभी तक शुरू नहीं की गई है। ऐसे में नियम,निष्ठा और आस्था का महापर्व छठ में लोगों को काफी परेशानी होगी। ग्रामीणों ने छठ पूजा की तैयारी शुरू कर दी है। ऐतिहासिक तालाब के चारों ओर किनारे में बने छठ घाटों पर बड़ी संख्या में छठ व्रती अर्ध्य देते है। मौजूदा समय में तालाब किनारे फैली गंदगी को लेकर बसंतराय वासी काफी चिंतित भी है। स्थानीय लोगों ने प्रखंड प्रशासन से यथाशीघ्र छठ घाटों की साफ सफाई कराने की मांग की है।
तालाब में लगा है गंदगी का अंबार।
ऐतिहासिक तालाब में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गंदगी का मुख्य कारण तालाब के पूर्वी छोर पर अतिक्रमण कर बसे स्थानीय दुकानदार हैं। जिनके द्वारा लगातार तालाब में कचरा फेंका जाता है। महापर्व छट में व्रती अर्घ्य देते हैं। तालाब में फैली गंदगी के कारण इस पानी में उतरना भी मुश्किल लगता है।
प्रखंड प्रशासन की ओर से छठ घाटों की साफ सफाई का कार्य शुरू नहीं!
ऐतिहासिक बसंतराय तालाब की साफ सफाई की जिम्मेदारी प्रखंड प्रशासन की है। यहां बड़ी संख्या में छठ व्रती अर्घ्य देते हैं। तालाब के चारों ओर छठ घाटों पर आसपास दर्जनों गांव के छठ वर्ती अर्घ्य देने पहुंचते हैं। बता दे कि पूरे प्रखंड क्षेत्र में छठ पर्व को लोग श्रद्धा भक्ति से मनाते हैं। लेकिन प्रशासन की ओर से छठ घाटों की साफ सफाई का कार्य अबतक शुरू नहीं हुआ है जिनसे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। वहीं पूरे मामले पर समाजसेवी सह दुर्गा मंदिर अध्यक्ष लोकनाथ गुप्ता ने बताया कि अगर प्रखंड प्रशासन छठ घाटों की साफ सफाई नहीं कराती है तो वह अपनी तरफ से ग्रामीणों के सहयोग से घाटों की संपूर्ण साफ सफाई कराएंगे।



