
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा : एस.आर.टी. कॉलेज, धमड़ी में आज दो दिवसीय विश्वविद्यालय स्तरीय अंतरमहाविद्यालय खो-खो प्रतियोगिता 2025 का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री माननीय दीपिका पांडेय सिंह जी तथा मेहरमा उत्तरी जिला परिषद सदस्य ज्योति कुमारी जी उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, प्रोफेसरगण, शिक्षण-गैर शिक्षण कर्मी, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक मौजूद थे। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न सिर्फ शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है। सरकार खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों के सम्मान के लिए निरंतर प्रयासरत है।इस दौरान सभी प्रतिभागी टीमों ने मार्च पास्ट करते हुए खेल भावना और जोश का शानदार प्रदर्शन किया। उद्घाटन दिवस पर पुरुष और महिला दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले खेले गए।कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कॉलेज प्राचार्य ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।




