
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग द्वारा को डिलाइट्स ऑफ़ दिवाली कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सांस्कृतिक मूल्यों, रचनात्मकता और त्योहारी भावना को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता, दरवाज़ा सजावट, दीया एवं मटकी सजावट, और बिना आग के फूड स्टॉल जैसी विविध प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे विभाग को दीपों, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे परिसर में दीपावली जैसा उल्लास छा गया।
कार्यक्रम में निदेशक डॉ. के.एल.ए. खान ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की। प्राचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में टीमवर्क, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं। फार्मेसी विभाग के प्राचार्य डॉ. नीरज कांत और डीन डॉ. गौरव शर्मा ने भी छात्रों की रचनात्मकता और विभाग की सराहना की।
यह आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज शर्मा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने प्रबंधन, संकाय सदस्यों और छात्रों को धन्यवाद दिया। आयोजन समिति में मोनिका राणा, डॉ. शिवानी जैन, दीपा सिंघल, अदिति शर्मा, दीपाली गुप्ता, अंजली शर्मा, शुभम भारद्वाज और सिद्धार्थ गोस्वामी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



