कर्माटांड़ के कालाझरिया मैदान में आदिम जनजाति संघर्ष मोर्चा की सामाजिक बैठक संपन्न
Social meeting of the Primitive Tribal Struggle Front concluded at Kalajharia ground in Karmatand.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। जिले के कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत कालाझरिया मैदान में आदिम जनजाति संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सत्यनारायण सिंह ने की। इस अवसर पर समाज के कई बुद्धिजीवी वर्ग के लोग मौजूद रहे। बैठक में समाज सुधार, भूमि अधिकार एवं घटवाल-घटवार समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) की सूची में शामिल करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज सुधार हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। घटवाल और घटवार समाज लंबे समय से अपने अधिकारों से वंचित हैं, इसलिए इन्हें जल्द से जल्द अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी कहा गया कि इस समाज की मूलभूत भूमि को दबंग वर्गों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है, जिसे तत्काल मुक्त कराकर मूल स्वामियों को वापस किया जाए। जो लोग अब भी ऐसे कब्जे की प्रक्रिया जारी रखे हुए हैं, उनके विरुद्ध प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समाज की एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए आने वाले समय में बड़े स्तर पर जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि समाज की उपेक्षा अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को मनवाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह, टेकलाल राय, सुरेश सिंह, महादेव सिंह, राजू सिंह, भानु सिंह, उमाशंकर सिंह, विक्की सिंह, महेंद्र सिंह, योगेश्वर सिंह, जहाज सिंह, तीरथ सिंह, दिलावर सिंह, राजेंद्र सिंह सहित दर्जनों समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित थे। बैठक का संचालन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



