अमड़ापाड़ा की साक्षी कुमारी ने SSC CGL 2025 में हासिल किया 947वां रैंक, इनकम टैक्स विभाग में बनी ऑफिस सुपरीटेंडेंट
Sakshi Kumari from Amdapada secured 947th rank in SSC CGL 2025 and became Office Superintendent in the Income Tax Department.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा बाजार की निवासी साक्षी कुमारी ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने SSC CGL 2025 परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 947वां रैंक हासिल किया है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुपरीटेंडेंट (इनकम टैक्स) के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है, जिससे उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। साक्षी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा अमड़ापाड़ा में ही हुई। उन्होंने 10वीं की परीक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, सीलमपुर से उत्कृष्ट अंकों के साथ पास की और जिला टॉपर बनीं। इसके बाद उन्होंने दुमका के एसपी कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने पटना के अरविंद महिला कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स में स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
साक्षी की इस सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, मजबूत संकल्प और परिवार का सहयोग प्रमुख रहा है। उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए भी कभी हार नहीं मानी। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने साक्षी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



