गाजियाबाद

लोनी बॉर्डर में जमीन विवाद पर पुलिस की भूमिका एक बार फिर कटघरे में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद से जुड़ा एक मामला पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आरोप है कि दो भाइयों के बीच चल रहे संपत्ति विवाद में पुलिस ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों की समुचित जांच किए बिना ही एक पक्ष को फर्जी कागजात का आरोप लगाते हुए थाने से भगा दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले की सूचना डायल 112 पर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने विवाद को निष्पक्ष तरीके से सुलझाने के बजाय एक पक्ष पर कथित तौर पर पुलिसिया रौब दिखाया और सांठगांठ के चलते हुए दूसरे पक्ष की मदद की ।
मामले में सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि जब विवाद संपत्ति के स्वामित्व और दस्तावेजों से जुड़ा था, तो पुलिस ने संबंधित कागजात की जांच किए बिना किसी एक पक्ष के दस्तावेजों को कथित तौर पर फर्जी कैसे मान लिया? पीड़ित का कहना है कि उसे अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर भी नहीं दिया गया और थाने से वापस भगा दिया गया।
डायल 112 की सूचना के बाद भी नहीं रुका मौके पर चल रहा निर्माण
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, विवादित संपत्ति को लेकर तनाव की स्थिति पहले से बनी हुई थी। इसी बीच डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की गई। आरोप है कि पुलिस के संज्ञान में मामला आने के बावजूद विवादित संपत्ति पर निर्माण कार्य  लगातार जारी रहा।
यही स्थिति पुलिस की भूमिका को लेकर कई तरह के सवाल खड़े करती है। यदि मामला वास्तव में दो पक्षों के बीच  संपत्ति विवाद का था, तो विवादित स्थल पर स्थिति स्पष्ट होने तक निर्माण कार्य को लेकर पुलिस ने क्या कार्रवाई की? क्या मौके का निरीक्षण किया गया? क्या दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच की गई? और यदि जांच की गई तो उसका आधार और निष्कर्ष क्या था?
सबसे बड़ा सवाल एक पक्ष पर ही कार्रवाई क्यों?
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को समान रूप से सुनने के बजाय एक भाई के साथ ही सख्ती दिखाई। आरोप यह भी है कि उसे कथित रूप से फर्जी दस्तावेज रखने वाला बताकर थाने से बाहर भगा दिया गया, जबकि संपत्ति के कागजात की विधिवत जांच किए जाने की मांग की जा रही थी।
ऐसे में सवाल यह है कि क्या केवल पुलिस के मौखिक आकलन के आधार पर किसी व्यक्ति के दस्तावेजों को फर्जी घोषित किया जा सकता है? यदि दस्तावेज संदिग्ध थे तो उनकी जांच संबंधित राजस्व विभाग अथवा सक्षम प्राधिकारी से क्यों नहीं कराई गई?
पुलिस और निर्माण कराने वालों की कथित मिलीभगत के आरोप
पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस की कथित शह के चलते विवादित जमीन पर निर्माण कार्य कराया जाता रहा।   यदि पुलिस को विवाद की जानकारी थी और इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच  होना जरूरी हो जाती है।
मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जमीन और संपत्ति से जुड़े विवादों में एकतरफा कार्रवाई बाद में बड़े कानूनी विवाद का कारण बन सकती है। ऐसे मामलों में पुलिस की भूमिका कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई करने तक सीमित रहनी चाहिए।
आला अधिकारियों से इस मामले में जांच की मांग
पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पुलिस के उच्चाधिकारियो से कराने की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि डायल 112 की कॉल का रिकॉर्ड, मौके पर पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई, थाने में हुई बातचीत तथा विवादित संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जाए।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सवाल भी उठना स्वाभाविक है कि किसके दबाव या प्रभाव में पुलिस ने एक पक्ष के साथ कथित तौर पर सख्ती और दूसरे पक्ष को राहत दी, ऐसे में निष्पक्ष जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संपत्ति विवाद में वास्तविक अधिकार किसका है और पुलिस की कार्रवाई नियमों के अनुरूप थी या नहीं। लेकिन पूरे घटनाक्रम ने लोनी बॉर्डर थाना पुलिस की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button