अमरोहा

अमरोहा में किसान की गोली मारकर हत्या

पुलिस ने दो को भेजा जेल, परिजन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा सदर तहसील के देहात थाना क्षेत्र में 12 अक्टूबर की रात एक शराब पार्टी के दौरान किसान भूरे सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना कांठ रोड स्थित चिकन किंग होटल के पास हुई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन मृतक के परिजन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात कांठ रोड पर चिकन किंग होटल से लगभग 500 मीटर आगे समरपाल सिंह चौहान के घेर में एक पार्टी चल रही थी, जहां भूरे सिंह को गोली मारी गई। मृतक के भाई की तहरीर पर अमरोहा देहात थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अमरोहा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में और क्षेत्राधिकारी नौगांवा सादात के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की और 16 अक्टूबर को कांठ बाईपास रोड के पास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी। वर्ष 2016 में दोनों पक्षों के बीच जानलेवा हमले का एक मामला (धारा 307 आईपीसी) दर्ज हुआ था, जिसमें बाद में समझौता हो गया था। घटना वाली रात पार्टी में शराब पीने के बाद मृतक भूरे सिंह ने आरोपियों को ताने दिए और कहा कि “पहले भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाए, आगे भी नहीं कर पाओगे।” इसी बात से आहत होकर और पुरानी रंजिश के चलते अनुज, हरविंद्र, मनोज व अन्य ने हत्या की साजिश रची। इसके बाद अभियुक्त अनुज ने तमंचे से भूरे सिंह पर गोली चलाकर उनकी हत्या कर दी।
बुधवार को मृतक के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और उन्होंने हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। परिजनों का कहना है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे 7 नवंबर को मुख्यमंत्री कार्यालय जाएंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button