जालौन
वर्षा में हरियाली का संकल्प: नून नदी तट पर हजारों पौधों से सजी नई हरित कहानी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन : जनपद जालौन के ग्राम सतोह स्थित नून नदी किनारे बुधवार को एक प्रेरणादायक वृक्षारोपण अभियान आयोजित हुआ, जिसमें “एक पेड़ मां के नाम” संकल्प के साथ हजारों नागरिकों ने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। बरसात के बीच हुए इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। नून नदी के उद्गम से लेकर लगभग 81 किमी तक फैली 47 ग्राम पंचायतों में 20 हजार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी ने इसे प्रकृति और समाज के बीच सेतु बताया। उन्होंने कहा, “इंद्रदेव की वर्षा स्वयं इन पौधों का स्वागत कर रही है।”
वृक्षारोपण में मंडलायुक्त बिमल दुबे, विधायक गौरीशंकर वर्मा व मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
डीएम पाण्डेय ने बताया कि आज जिलेभर में सामूहिक रूप से करीब 97 लाख पौधों का रोपण हुआ है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

