खेल प्रतियोगिता में जा रही छात्राओं से भरी ई-रिक्शा पलटी, 10 छात्राएं घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही छात्राओं से भरी ई-रिक्शा कस्बे के बाईपास के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक छात्राएं घायल हो गईं। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने छात्राओं को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक विद्यालय नंबर दो के प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार के अनुसार, एलम स्थित स्कूल की 10 छात्राएं ई-रिक्शा में सवार होकर डांगरोल स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही थीं। इसी दौरान कांधला बाईपास के पास ई-रिक्शा पलट गई। हादसे में कई छात्राएं चोटिल हो गईं।
सूचना पर प्रधानाध्यापक और छात्राओं के परिजन अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्राओं को घर भेज दिया।

