पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान, असामाजिक तत्वों में हड़कंप, ब्लॉक /अंचल के बिचौलिया हो जाए सावधान
Intensive investigation campaign in Pakur city police station area, panic among anti-social elements, middlemen of block/area should be cautious.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ सेवन पर रोकथाम तथा सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों को पनपने से रोकने के उद्देश्य से मंगलवार देर शाम को सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान पाकुड़ अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया एवं नगर थाना पुलिस के एएसआई अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में दल-बल के साथ संचालित किया गया। अभियान के दौरान सिद्धो-कान्हू पार्क, जिदातो मिशन एरिया, बाजार समिति पुस्तकालय परिसर, एंडेवियर कोचिंग सेन्टर सह- प्रखण्ड कार्यालय क्षेत्र, पुरातन राशन गोदाम सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की गई। पुलिस एवं अंचलाधिकारी की गाड़ी/ वाहन देखते ही कई असामाजिक तत्व तथा मादक पदार्थ सेवन से जुड़े लोग मौके से फरार हो गये। इस दौरान कुछ लोगों को पकड़कर पूछताछ की गई। अधिकारियों ने उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में शाम के बाद सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से पाये गये या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त मिले, तो उनके विरुद्ध विधिसम्मत प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी। वही कुछ लोगों को उठक-बैठक कराकर चेतावनी देते हुए छोड़ दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में शान्ति व्यवस्था बनाये रखी जा सके और मादक पदार्थों के सेवन एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



