गोड्डा
गोड्डा में निकला भव्य यूनिटी मार्च, सैकड़ों युवाओं ने बढ़ाया कदम
सांसद निशिकांत दुबे बोले- "राष्ट्रीय एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति"

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आज 19 नवंबर को गोड्डा में भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वदेशी अभियान के संदेश के साथ निकले इस मार्च में सैकड़ों युवाओं और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए।मार्च की शुरुआत शाम 4 बजे गांधी मैदान से हुई, जो कारगिल चौक और गोड़ी चौक होते हुए पुनः गांधी मैदान पहुँचा। मार्च के नेतृत्व में मुख्य अतिथि गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे स्वयं कदम से कदम मिलाकर शामिल रहे। गोड्डा जिला भाजपा अध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि इस यूनिटी मार्च में लगभग 500 युवा शामिल हुए। मार्च के समापन पर गांधी मैदान परिसर में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कई सामाजिक संगठनों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
*सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा—*
सरदार पटेल ने देश को एकसूत्र में बाँधने का जो अभूतपूर्व कार्य किया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। राष्ट्रीय एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। आज का यूनिटी मार्च युवाओं में देशभक्ति, सामूहिकता और स्वदेशी अपनाने की ऊर्जा भरता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को पूरा करने में गोड्डा के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। भाजपा की ओर से कार्यक्रम के पश्चात डेढ़ महीने तक विशेष स्वदेशी एवं आत्मनिर्भर भारत जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत गाँव-गाँव में जनसंपर्क, नुक्कड़ नाटक, सभाएँ और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




