उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं मे 332प्रकरणों मे से 147 के ऋणों की स्वीकृति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा पीएमएफएमई योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की हुई। बैठक में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी (उपाध्यक्ष), मुख्य उद्यान अधिकारी (सदस्य सचिव),नाबार्ड व सहकारी बैंक के प्रतिनिधियों तथा जनपद के दो प्रगतिशील सेब कृषकों/उद्यान विशेषज्ञों की उपस्थिति में पोर्टल की वर्तमान प्रगति का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। दर्ज आंकड़ों के अनुसार पोर्टल पर प्राप्त कुल 332 आवेदनों में से 292 आवेदन जमा किए गए हैं, जिनमें से 147 प्रकरणों में ऋण स्वीकृत किया जा चुका है, 43 प्रकरण बैंक स्तर पर प्रक्रियाधीन हैं, 23 प्रकरण डीएलसी स्तर पर लंबित हैं तथा 77 आवेदन निरस्त किए गए हैं।
समीक्षा के दौरान सीएचओ द्वारा विगत वर्षों (2021-22 से 2025-26) की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए बताया गया कि जनपद में कुल 131 ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 106 एप्पल सॉर्टिंग व ग्रेडिंग इकाइयां तथा 25 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां शामिल हैं। योजना के अंतर्गत 68 लाभार्थियों को 35 प्रतिशत सब्सिडी के रूप में ₹23434440.57 तथा 16 अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को ₹5214186.46 की अनुदान धनराशि वितरित कर लाभान्वित किया गया है। इसके साथ ही आगामी वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत 27 नए प्रकरण जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन हेतु प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें 23 सेब सॉर्टिंग-ग्रेडिंग व 04 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां शामिल हैं, जिन्हें समिति के अनुमोदन के पश्चात ऋण स्वीकृति हेतु संबंधित बैंकों को भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डीएलसी स्तर पर लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाए तथा बैंक स्तर पर लंबित ऋण प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाया जाए। उ कहा कि उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयों को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारकर स्थानीय बागवानों व उद्यमियों को सशक्त बनाया जाए, जिससे जनपद में सेब उत्पादकों की आय में वृद्धि हो सके और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिले।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह वीसी के माध्यम से जुड़े एवं सीएचओ रजनीश सिंह,प्रभारी जीएम डीआईसी वैभव कुमार,प्रबन्धक लीड बैंक बीएन सिंह, डीडीएम नाबार्ड पारित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे ।



