करसेवकों की स्मृति में बजरंग दल ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में बलिदान देने वाले वीर करसेवकों की स्मृति में विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा बजरंग दल द्वारा जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में गुरुवार को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री नितिन गोस्वामी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बजरंग दल के जिला संयोजक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
नितिन गोस्वामी ने बताया कि —
“यह शिविर उन अमर वीर कारसेवकों को समर्पित है, जिनका रक्त श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन की नींव में समाहित है। उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है ताकि समाज में सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना बनी रहे।”
उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय दान है और इस परंपरा को निरंतर जारी रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
शिविर में जिला उपाध्यक्ष संजय सैन, चंदकी कश्यप, हिमांशु, अमित राणा, सनी, वतन, बंटी, गौरव और अन्नू पंवार सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
ब्लड बैंक की टीम ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की जय और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।



