बागपत

छह माह की गर्भवती विवाहिता की गला दबाकर हत्या

पति समेत सात पर हत्या का आरोप

पति ने मायके में फोन कर कहा— “मैंने तुम्हारी बेटी को मार दिया”

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

रमाला/बागपत : कासिमपुर खेड़ी गांव में बृहस्पतिवार की रात एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाहिता की ससुराल पक्ष ने गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दादरी निवासी रोहित ने रमाला थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन गुड्डन (21) की शादी करीब दो वर्ष पूर्व कासिमपुर खेड़ी निवासी सुमित के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ महीने सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन एक वर्ष बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर गुड्डन को प्रताड़ित करने लगा

रोहित के अनुसार, “लगभग एक साल पहले दहेजलोभी ससुरालियों ने मेरी बहन को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से समझौता हुआ और गुड्डन को वापस भेज दिया गया, लेकिन वहां हालात फिर बिगड़ गए।”

गुड्डन का पति सुमित बेरोजगार बताया जा रहा है और आए दिन उससे मारपीट करता था। मायके वालों के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे सुमित ने फोन कर खुद ही कहा— ‘मैंने तुम्हारी लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी।’

सूचना मिलते ही परिजन तुरंत कासिमपुर खेड़ी पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गुड्डन का शव कमरे में पड़ा था और गले पर गहरे निशान थे। मृतका छह माह की गर्भवती थी और उसका एक साल का बेटा भी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति सुमित समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि,

“पति सुमित सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किया जाएगा।”

गांव में इस घटना के बाद माहौल गमगीन है। ग्रामीणों के अनुसार, गुड्डन मिलनसार और शांत स्वभाव की युवती थी। उसकी मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

One atta
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button