बेतुल
बैतूल मनरेगा बचाने एवं सरकारी मेडिकल कॉलेज के लिए सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
15 को आमला और 16 को भैंसदेही में रैली व आमसभा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिले में कांग्रेस पार्टी मनरेगा को लेकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करने जा रही है। इसी क्रम में कांग्रेस द्वारा मनरेगा बचाने और बैतूल में प्रस्तावित पीपीपी मोड की जगह सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर संग्राम रैली का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य मनरेगा से जुड़े मुद्दों और पीपीपी मोड मेडिकल कॉलेज के दुष्परिणाम को जन-जन तक पहुंचाना और मजदूरों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करना है।
– आमला में होगी जिला स्तरीय रैली
जिला कांग्रेस कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में 15 जनवरी को सुबह 11 बजे आमला में जिला कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में मनरेगा बचाओ संग्राम रैली एवं आमसभा का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में कांग्रेसजन मनरेगा में आ रही परेशानियों, मजदूरी भुगतान में देरी, काम के अवसर कम होने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। आमसभा के माध्यम से कांग्रेस नेताओं द्वारा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए जाएंगे।
– भैंसदेही में मजदूरों से सीधा संवाद
दूसरे चरण में 16 जनवरी को दोपहर 12 बजे भैंसदेही में रैली एवं आमसभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रहेगी कि इसमें कांग्रेस नेता सीधे मनरेगा मजदूरों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। मजदूरों की वास्तविक स्थिति को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
– प्राइवेट मेडिकल कॉलेज का मुद्दा भी उठेगा
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि इस आंदोलन के दौरान प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की असलियत भी जनता के सामने लाई जाएगी। पार्टी का कहना है कि स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार विफल रही है, जिसे अब जनता तक पहुंचाना जरूरी है।
जन आंदोलन के रूप में होगा संग्राम
कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम जनता से शामिल होने की अपील की है। पार्टी इसे जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है, ताकि मनरेगा और आमजन से जुड़े सवालों पर व्यापक दबाव बनाया जा सके।



