मां ने कपड़े और चप्पल देखकर की पहचान
थानेदार मानने को तैयार नहीं,बोले जांच कराकर करेंगे कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। फुरसतगंज थाने के पूरे राजा,मजरे निगोहां, गांव से गायब एक नाबालिग युवती का कंकाल सवा महीने बाद गांव के पास स्थित शंकर की बांग से मिला है। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।
महिमा पुत्री फूलचंद गौतम -16,आठ अक्टूबर से घर से गायब है।घर के लोग उस दिन स्थानीय मेला देखने गए थे। वापस आने पर महिमा घर पर नहीं मिली। परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोज बीन की। लड़की का कहीं पता नहीं चल पाया। 12अक्टूबर को पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है। एक महीने में भी पुलिस लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं कर पाई। 17नवम्बर को लड़की की मां गांव के पास स्थित शंकर की बांग में गयी तो एक कंकाल मिला,शरीर के सभी अंग इधर उधर बिखरे पड़े थे। लड़की की मां ने पास में पड़े कपड़े और चप्पल देखकर कंकाल अपनी बेटी का होने की बात करते हुए पुलिस से दूसरी बार शिकायत की। पुलिस कंकाल को अपने कब्जे में लेकर गयी है। मामले की जानकारी होने पर बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेश कमल ने मंगलवार को पूरे राजा, निगोहां गांव जाकर परिवार से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली।



