कैराना
बाइकों की भिड़ंत में छात्र समेत दो की मौत
मेले से लौटते समय ऊंचागांव के निकट हुआ हादसा, दो गंभीर घायल रेफर

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मचा कोहराम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। ऊंचागांव के निकट शनिवार देर रात दो बाइकों की भिड़ंत में मेले से लौट रहे पांचवीं कक्षा के नाबालिग छात्र और एक अन्य युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी जावेद, अहद, सलमान और जुनैद दो बाइकों पर सवार होकर कांधला कस्बे में लगे मेले में गए थे। शनिवार रात करीब दझ बजे चारों वापस लौट रहे थे। बताया गया कि ऊंचागांव के निकट दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई, जिसमें चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जावेद (21) और अहद (15) को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सलमान और जुनैद को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर सीओ हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। बताया जा रहा है कि अहद पांचवीं कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था। उसके परिवार में दो बड़ी बहनें भी हैं। अहद के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वहीं, जावेद छह भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसकी तीन बहनें भी हैं। वह चिनाई मजदूरी करता था। उसके माता-पिता की भी पहले ही मृत्यु हो चुकी है। दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि हादसे के संबंध में तहरीर आने के पश्चात अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
