गिरी बिजली की तार के चपेट में आने से गाय और दो भेड़ों की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
A cow and two sheep died after coming in contact with a fallen electric wire; angry people blocked the road

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। जिले के पोसोई स्थित खुशी होटल के सामने रविवार शाम करीब 7 बजे 440 वोल्ट का बिजली तार गिरने से एक गाय और दो भेड़ों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृत पशु स्थानीय ग्रामीण बिनोद बाउरी के बताए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, बाईपास से गुजर रही 440 वोल्ट की बिजली लाइन काफी नीचे थी, जिससे अक्सर ऊंचे लोडिंग वाहन उस तार से टकराते रहते थे। रविवार को एक भारी वाहन के तार से सटते ही वह टूटकर नीचे गिर गया, जिससे तीनों मवेशी उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। उन्होंने जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि लटकते तारों को शीघ्र ऊंचा किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना न हो।


