
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार देर रात गोकशी के वांछित आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के निजामपुर पस्तौर का रहने वाला मेहरबान उर्फ लुक्का है। उसका साथी नाजिम अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम शनिवार रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ दिन पूर्व थाना क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना के आरोपी दोबारा सक्रिय हो गए हैं। दो आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक से वजीरगंज की ओर से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गांव मनौना की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर ली।
सीओ के मुताबिक बाइक सवारों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में आरोपी मेहरबान उर्फ लुक्का गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी नाजिम मौके से भाग गया। घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया। आरोपी से तमंचा, कारतूस, एक छुरा, तीन रस्सियां व बाइक बरामद हुई है। पुलिस नाजिम की तलाश कर रही है।



