शामली
बेसहारा गोवंश का आतंक,किशोरी को पटक कर किया घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के रेलवे रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के समीप शुक्रवार को बेसहारा गोवंश ने एक मंदबुद्धि किशोरी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल किशोरी को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। कस्बे के रेलवे रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के निकट बेसहारा गोवंश ने किशोरी को टक्कर मारने के बाद उठाकर पटक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि कस्बे और क्षेत्र में बेसहारा गोवंश की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़कों पर घूमते गोवंशों से राहगीरों के साथ-साथ किसान भी परेशान हैं। कई बार किसान जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में इस गंभीर समस्या को उठा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और भी गंभीर रूप ले सकती हैं। कस्बेवासियों ने प्रशासन से बेसहारा गोवंशों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने और सड़कों को सुरक्षित बनाने की मांग की है।


