बरेली
मेरठ में दलितों के साथ घटना को लेकर बरेली में भीम आर्मी का हल्ला बोल राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : जनपद मेरठ की तहसील सरधना क्षेत्र के ग्राम कपसाड़ एवं ग्राम ज्वालागढ़ में दलित एवं पिछड़ा समाज के युवकों के साथ हुई जघन्य, अमानवीय और दिल दहला देने वाली घटनाओं को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने बरेली में जोरदार विरोध दर्ज कराया। संगठन द्वारा महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम एक संयुक्त ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को सुरक्षा एवं एक करोड़ रुपये मुआवज़े की माँग की गई।
ज्ञापन में ग्राम कपसाड़ में दलित महिला सुनीता की नृशंस हत्या तथा ग्राम ज्वालागढ़ में कश्यप समाज के युवक रानू कश्यप को पहले शराब पिलाकर, ₹80,000 लूटने के बाद जिंदा जलाकर हत्या किए जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए इसे संगठित सामाजिक आतंक करार दिया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटनाओं के बावजूद अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
भीम आर्मी ने राष्ट्रपति से मांग की कि दोनों मामलों में तत्काल हस्तक्षेप कर सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, पीड़ित परिवारों को सरकारी सुरक्षा प्रदान की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खुर्शीद खान, मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, जिला अध्यक्ष महेंद्रपाल सागर, मंडल महासचिव आकाश सागर, तहसील अध्यक्ष शंकर वाल्मीकि, जयप्रकाश सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।




