गैस रिसाव से खतरे में धनबाद–बोकारो की लाइफ लाइन, कोयला मंत्रालय ने NHAI को किया अलर्ट
Dhanbad-Bokaro lifeline threatened by gas leak; Coal Ministry alerts NHAI

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र में लगातार हो रहे जहरीली गैस रिसाव और भू-धंसान ने धनबाद–बोकारो को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-18 (पूर्व एनएच-32) के लिए खतरा बढ़ा दिया है। महत्वपूर्ण लाइफ लाइन रोड कही जाने वाली इस सड़क के धंसने की आशंका के बाद प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। केंदुआडीह के आसपास कई जगह गैस रिसाव और जमीन धंसने की घटनाओं को देखते हुए कोयला मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को स्थिति की गंभीरता बताते हुए विस्तृत जांच का अनुरोध किया है। मंत्रालय ने सड़क के सुरक्षित संचालन और संभावित जोखिमों के आकलन पर जोर दिया है। धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने पुष्टि की कि कोयला मंत्रालय मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने बताया कि NHAI को तकनीकी जांच का आग्रह किया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गैस रिसाव और भू-धंसान का राजमार्ग पर कितना असर पड़ सकता है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



