ललितपुर

स्टेट बैंक के पीछे अतिक्रमण को लेकर दो पक्ष आमने सामने

महिला पत्रकार ने लगाया पथराव व धमकाने का आरोप

मोहल्लेवासियों ने लगाया नपा की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप
दोनों पक्षों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही की उठायी मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अतिक्रमण के खिलाफ आवाज उठाना महिला पत्रकार को उस समय भारी पड़ गया, जब अतिक्रमण हटाने आयी नगर पालिका की टीम के जाते ही पड़ौसियों ने पत्थरबाजी करते हुये गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस प्रकार के आरोप लगाते हुये महिला पत्रकार संजना सिंह घण्टाघर चौराहा पर अपने दो बच्चों के साथ धरने पर बैठ गयीं। उन्होंने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच करायी जाकर कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है।
प्रदर्शन करते हुये संजना सिंह ने बताया कि आजादपुरा मोहल्ले में स्टेट बैंक के पीछे मोहल्ले के कुछ लोगों द्वारा सरकारी सड़क व सार्वजनिक नालियों पर चबूतरा इत्यादि बनाकर गली को जाम कर दिया था, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियां उठानी पड़ रहीं थीं। इस प्रकरण को लेकर उन्होंने आवाज उठायी और लिखित रूप से प्रशासन व नगर पालिका को अवगत कराया। गुरूवार को नपा की अतिक्रमण हटाओ टीम अपने साथ मशीनें लेकर मौके पर पहुंच गयीं, जहां टीम ने नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराया और सार्वजनिक रास्ते से भी अतिक्रमण हटाया। आरोप है कि जैसे ही पूरी टीम अतिक्रमण हटाकर वापस निकली तो पड़ौसियों ने उसके घर के बाहर एकत्र होकर गालियां दीं और उसके घर पर पथराव भी किया। महिला पत्रकार ने बताया कि उसके घर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। महिला पत्रकार ने जानमाल का खतरा बताते हुये जिला प्रशासन व पुलिस से मामले की जांच करायी जाकर उक्त लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना किये जाने की गुहार लगायी है।
इधर दूसरे पक्ष की ओर से मोहल्ले की महिलाएं भी घण्टाघर पर धरने पर बैठ गयीं। महिलाओं ने एसपी के नाम पत्र भेजते हुये बताया कि मोहल्ले में रहने वाली महिला के मकान रजिस्ट्री के बैनामे से 15 फुट अधिक नगर पालिका की जमीन पर भवन निर्माण किया गया है। इस कब्जे को हटाये जाने की मांग महिलाओं ने उठायी। आगे बताया कि विगत दिवस ईओ नगर पालिका को पत्र देकर उन्होंने अवैध कब्जे को हटवाने की मांग उठायी थी। नगर पालिका की टीम ने मोहल्लेवासियों के चबूतरे व सीढ़ी तो तोड़ दी, लेकिन अवैध कब्जे को नहीं हटाया। महिलाओं ने जिला व पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कराये जाने की मांग उठायी है। प्रदर्शन करते समय रामकुंवर, विन्द्रावन सिंह, राजकुमारी, राधा, द्रोपती, सुनीता, सोनू, रजनी, सीमा, रंजना, अखिलेश, पूजा, प्रियंका, रामकुमारी आदि मौजूद थीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button