ललितपुर
टीबी रोगियों को वितरित की गईं पोषण पोटलियां, निक्षय मित्र बनने की अपील
राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सोसाइटी फॉर प्रगति भारत का सहयोग

रोगियों के बेहतर स्वास्थ्य और सामुदायिक जागरूकता पर जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत उपचार प्राप्त कर रहे क्षय रोगियों को पोषण पोटलियां वितरित की गईं। सोसाइटी फॉर प्रगति भारत संस्था के सहयोग से आयोजित इस पहल का उद्देश्य टीबी रोगियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना तथा क्षयरोग उन्मूलन अभियान में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। जिला क्षयरोग अधिकारी डा.रामनरेश सोनी ने कहा कि निक्षय मित्र बनकर टीबी रोगियों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने से उनके उपचार के दौरान पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे आगे आकर निक्षय मित्र बनें और राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। पीपीएम कोऑर्डिनेटर आदेश श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी के नए रोगियों की समय पर पहचान, व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से सामुदायिक जागरूकता तथा टीबी रोगियों की मृत्यु दर कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टीबी रोगियों के लिए डिफरेंशिएटेड टीबी केयर अप्रोच पद्धति को लागू करते हुए उपचार एवं देखभाल को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जोखिम वाली आबादी में टीबी स्क्रीनिंग को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रभावशाली व्यक्तियों और धर्मगुरुओं का सहयोग भी लिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता एवं जांच की सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। कार्यक्रम के दौरान डीपीटीएस मनोज कुमार गुप्ता, दीपावली पटैरिया उपस्थित रहे।



