गाजियाबाद
भारतीय सेना में CMO बने डॉ बिलाल जफर सैफी, लोनी में जश्न का माहौल
मेहनत, शिक्षा और संस्कार से हासिल की ऊंची सफलता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का अवसर है कि यहां के निवासी डॉ बिलाल जफर सैफी का चयन भारतीय सेना में CMO (चीफ मेडिकल ऑफिसर) के पद पर हुआ है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों, रिश्तेदारों और कॉलोनीवासियों ने खुशी का इजहार करते हुए उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाइयां दीं।
डॉ बिलाल जफर सैफी की सफलता से पूरे लोनी क्षेत्र में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने न केवल लोनी बल्कि पूरे गाजियाबाद जिले का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
परिवारजनों ने बताया कि शुरू से ही उनकी यह इच्छा थी कि डॉ बिलाल जफर सैफी उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक सम्मानजनक पद पर पहुंचें और अपने परिवार, समाज व देश का नाम रोशन करें। बचपन से ही डॉ बिलाल पढ़ाई को लेकर गंभीर रहे और अनुशासित जीवनशैली अपनाई, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। इस पूरे सफर में उन्हें परिवार का भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा।
परिवार ने बेटे के चयन को गर्व का विषय बताते हुए कहा कि आज उन्हें जो खुशी मिल रही है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उनका कहना है कि डॉ बिलाल ने न सिर्फ परिवार का सपना साकार किया है, बल्कि देश सेवा का जो मार्ग चुना है, वह हर माता-पिता के लिए सम्मान और गर्व की बात है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि डॉ बिलाल जफर सैफी आज के नवयुवकों के लिए एक आदर्श और प्रेरणास्रोत हैं। मौजूदा दौर में जब कई युवा गलत संगत और भटकाव की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में डॉ बिलाल की सफलता यह स्पष्ट संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, कड़ी मेहनत और शिक्षा के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने युवाओं से अपील की कि वे डॉ बिलाल जफर सैफी से प्रेरणा लेकर शिक्षा को अपना मजबूत आधार बनाएं और समाज के साथ-साथ देश का नाम रोशन करें। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक मिसाल बनकर हमेशा याद रखी जाएगी।


