ललितपुर
महिलाओं पर आईएएस की कथित अभद्र टिप्पणी पर लोजपा (आर) ने आक्रोश जताया
प्रधानमंत्री के नाम प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, उठायी बर्खाश्तगी की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। महिलाओं को लेकर आई.ए.एस. द्वारा कथित तौर पर की गयी टिप्पणी को अभद्र बताते हुये लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने जिलाध्यक्ष ओमी राजा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है। ज्ञापन में बताया कि विगत कुछ दिनों पहले मध्य प्रदेश में कार्यरत एक आई.ए.एस. अधिकारी ने एक सभा के बीच महिलाओं को लेकर कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कहा कि उच्च संवैधानिक पद पर बैठकर ऐसी कुण्ठित मानसिकता रखने वाले अधिकारी को पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने ऐसे अधिकारी को समाज व सर्व वर्ग के लिए घातक बताया। उन्होंने ऐसे अधिकारी का बहिष्कार करते हुये संवैधानिक पद से हटाये जाने की पुरजोर तरीके से वकालात की। जिलाध्यक्ष ओमी राजा ने बताया कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुये देश व्यापी आंदोलन कर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशों का पालन करते हुये आई.ए.एस. को बर्खाश्त करने की मांग उठायी। इसके अलावा पार्टी ने नेहरू नगर वार्ड नं. 3 पटऊवा रोड पर छोटी डीपी हटवायी जाकर वहां बड़ा ट्रांस्फार्मर रखवाये जाने की मांग उठायी। बताया कि यहां छोटी डीपी और अधिक विद्युत भार होने के चलते लोगों को आये दिन विद्युत कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा यहां संयोजन लिये लोगों को बिल भरने के बावजूद भी विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुये छोटी डीपी हटायी जाकर बड़ा ट्रांस्फार्मर रखे जाने की मांग उठायी है। ज्ञापन देते समय जिलाध्यक्ष ओमेन्द्र सिंह परमार (ओमी राजा), दिवाकर नायक, आशा रैकवार, रियाज अहमद, रजनी कुशवाहा, यशवन्त सिंह बुन्देला, मो.वसीम शेख, सुजान सिंह कुशवाहा, रामबाबू नायक, शैलेन्द्र सिन्हा, विनय सिन्हा, आनन्द कुमार, दीपक कुमार, आमिर खान, प्रभात रैकवार, शाहिद खान, विनय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।