बागपत
घास मंडी पट्टी मेहर स्थित महर्षि बाल्मीकि मंदिर में बाल्मीकि जयंती पर विशेष आयोजन
बाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित, सामाजिक जागरूकता पर दिया संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत (बागपत) : घास मंडी पट्टी मेहर स्थित महर्षि बाल्मीकि मंदिर में बाल्मीकि जयंती के अवसर पर सारथी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने वातावरण को भक्ति और उत्सव से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की गई। उपस्थित जनों ने रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सचिव अनिल अरोरा, विवेक चौधरी, सचिन खोखर, ममता अरोरा, आशा ग्रोवर, मोनिका (महिला कल्याण विभाग), प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चाइल्ड हेल्प लाइन वंदना गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके आदर्शों और समाज में उनकी प्रेरणादायक भूमिका पर प्रकाश डाला। महिला कल्याण विभाग और चाइल्ड हेल्प लाइन टीम की ओर से बाल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी जानकारियां भी साझा की गईं, जिससे कार्यक्रम केवल धार्मिक न होकर सामाजिक रूप से भी महत्वपूर्ण बन गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया और बाल्मीकि समाज के लोगों ने एकता और समरसता का संदेश दिया।



