कैराना
कैराना में युवक का हथियार के साथ फोटो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे में एक युवक की कथित तौर पर अवैध हथियार के साथ खिंचवाई गई तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन को लेकर लोगों ने चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।बताया जा रहा है कि वायरल तस्वीर में एक युवक हथियार के साथ नजर आ रहा है। हालांकि, फोटो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे हथियार की वैधता की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके बावजूद तस्वीर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैराना क्षेत्र में इस तरह के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। बीते कुछ समय में कई युवकों के हथियारों के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, लेकिन ऐसे मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के आरोप लगते रहे हैं। लोगों का कहना है कि हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर सकता है और इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर सख्ती नहीं हुई तो इस तरह की घटनाओं में और बढ़ोतरी हो सकती है। वायरल तस्वीर को लेकर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। पुलिस द्वारा फोटो की सत्यता की जांच के साथ-साथ उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्वीर में दिखाई दे रहा हथियार लाइसेंसी है या अवैध।
एसपी बोले, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले फोटो और वीडियो पर लगातार नजर रखी जाती है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार रखने अथवा उसका प्रदर्शन करने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल तस्वीर की जांच की जा रही है।

