कैराना

रेहड़ा चालक को बेरहमी से पीटा, दो दांत टूटे; नकदी लूटने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के कांधला बस स्टैंड के निकट एक रेहड़ा चालक के साथ मारपीट कर घायल करने, नकदी छीनने और मोबाइल फोन तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आलकला, मायापुर रोड निवासी याकूब पुत्र रफीक ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह मजदूरी और रेहड़ा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि चार जून को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह कांधला बस स्टैंड के निकट अपना रेहड़ा लेकर खड़ा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक गलत दिशा से तेज गति और लापरवाही से आते हुए उसके रेहड़े से टकरा गए। याकूब के अनुसार जब उसने युवकों को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही तो वे आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने किसी धारदार वस्तु से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट में उसके दो दांत भी टूट गए तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों युवकों ने अपने दो अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जिन्होंने भी उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और जेब में रखे 11,700 रुपये भी निकाल लिए। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से बस स्टैंड क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान
पुलिस का कहना है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button