कैराना
सपा के पूर्व राज्यमंत्री मरहूम रियासत राणा के पुत्र पर जानलेवा हमला
गोली मारकर किया घायल, एक महिला सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री मरहूम रियासत राणा के पुत्र पर गुरुवार शाम जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खेत पर पहुंचे हमलावरों ने पहले गोली मारी और फिर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक महिला सहित चार नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला आलकल मायापुर रोड निवासी ताहिरा पत्नी स्वर्गीय रियासत राणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कृषि भूमि ग्राम मन्नामाजरा में शामली रोड पर स्थित है। आरोप है कि खेत पर रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार शाम करीब 6:45 बजे उनका पुत्र बिलाल राणा खेत पर ट्रांसफार्मर की स्थिति देखने गया था। तहरीर के अनुसार इसी दौरान ताहिर, राशिद, जुलफाना, नाहिद समेत दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी लाठी-डंडों और तमंचे से लैस थे। आरोपियों ने बिलाल राणा को घेर लिया और जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया, जिसकी गोली बिलाल की टांग में जा लगी। गोली लगने से घायल होकर गिरने के बाद आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े तो आरोपी फरार हो गए। घायल बिलाल ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे, जहां से पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

