ललितपुर

डीएम, एसपी ने आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए आयोजकों व सभ्रान्त नागरिकों के साथ की बैठक

सभी जनपदवासी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे से मनायें त्यौहार, नई परम्परा शुरु न करें: डीएम

आयोजन स्थलों का भ्रमण करें अधिकारी, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर: एसपी
त्यौहारों पर बिजली, पानी, सफाई, यातायात व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिये निर्देश
आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे व वॉलेटियर्स तैनात करने के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश व पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक ने आगामी माहों में पड़ने वाले विभिन्न त्यौहारों यथा दिनाँक 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 02 मार्च को होलिका दहन, 21 मार्च को ईद उल फितर आदि त्यौहार पर शॉन्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की और त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिये।
              बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद ललितपुर बहुत शान्तिप्रिय है, यहां के लोग आपसी सौहार्द के साथ त्यौहार मनाते आये हैं, आगामी त्यौहारों को भी आपसी सामन्जस्य के साथ मनायेंगे। उन्होंने उप जिलाधिकारियों व क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं आयोजन स्थलों पर निरंतर निगरानी करेंगे, आयोजन समितियों के सम्पर्क में रहेंगे, उनके मोबाइल नम्बरों की सूची अपने पास रखेंगे। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान कोई भी नई परम्परा शुरू नहीं की जाएगी, पूर्व की भांति निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार आयोजन किये जायेंगे।
उन्होंने उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, ईओ, डीपीआरओ, विद्युत, जल निगम, जल संस्थान सहित अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीम बनाकर आयोजन स्थलों का भ्रमण कर लें और व्यवस्थाएं दुरुस्त करा लें। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान जनपद में साफ-सफाई एवं निर्बाध रुप से पेयजल व विद्युत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। शिवरात्रि के अवसर पर शिव मंदिरों के आस-पास, मंदिरों पर जाने वाले रास्तों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, चूना आदि डलवाया जाये एवं सुरक्षा के लिए पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। आवारा पशुओं के विवरण पर रोक लगायी जाये, इसके लिए पशुपालकों को नोटिस दिये जायें।
             जिलाधिकारी ने त्यौहारों की श्रंखला के दौरान शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों, सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराया जाए, शहर के सभी आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, चूना, रंगोली आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने आयोजक समितियों से अपील की कि आयोजन स्थलों पर वॉलेन्टियर तैनात करें, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों से बचें। उन्होंने कहा कि आप सभी ने जो सुझाव समिति के समक्ष प्रस्तुत किये हैं,उन सभी पर अभी से कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
              पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्यौहार से पूर्व उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने का प्रयास करें, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की संभावना न रहे। सभी आयोजक समितियां आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवायें, साथ ही वॉलेंटियर्स के माध्यम से वीडियोग्राफी भी करवायें। यदि कोई संदिग्ध दिखाई दे तो तत्काल जिला प्रशासन को उसकी सूचना दें। सभी क्षेत्राधिकारी सुनिश्चित करें कि जनपद में महिला संबंधी अपराध न होने पाये। जनपदवासी सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, छीटाकसी जैसी पोस्ट शेयर न करें, सोशल मीडिया सेल के द्वारा सभी सोशल साइटों पर कड़ी निगरानी की जा रही है।
          बैठक में आयोजन समितियों के पदाधिकारियों ने आयोजन स्थलों की सफाई, मार्गों के दुरुस्तीकरण, जर्जर तारों की मरम्मत, पेयजल की आपूर्ति, अग्निशमन वाहनों, एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता हेतु अनुरोध किया, जिस पर जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का आश्वासन दिया गया।
            कुछ गणमान्य नागरिकों ने नगर में कई सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन बाधित होना बताया, जिस पर तत्काल जल निगम व लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को बुलाकर उक्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिये गए।
                 बैठक में अपर जिलाधिकारी वि/रा अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी मड़ावरा शैलेन्द्र चौधरी, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं जल निगम, जल संस्थान, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग आदि विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button