गोड्डा
सुरक्षा शांति और समन्वय के साथ पर्व मनाने का लिया गया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पथरगामा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी नितेश कुमार गौतम ने की। इसमें थाना प्रभारी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान बीडीओ नितेश कुमार गौतम ने सभी पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र, बालू भरी बाल्टी एवं पानी का टैंकर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही पूजा स्थलों पर प्रशिक्षित वालंटियर की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने बताया कि पंडालों में पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए जाएं, ताकि भीड़ को सुगमता से नियंत्रित किया जा सके। साथ ही सभी स्थलों पर उचित प्रकाश व्यवस्था एवं लाउडस्पीकरों के माध्यम से भड़काऊ गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए।
सोशल मीडिया पर अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी साझा करने से बचने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए।
विसर्जन जुलूस के संबंध में भी समितियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। कहा गया कि जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरे, प्रचुर प्रकाश व्यवस्था एवं निर्धारित समय के अनुपालन का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रत्येक पंडाल में पूजा समिति के द्वारा थाना का संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध हो सके। बैठक में थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने भी पूजा समितियों से आपसी समन्वय एवं सामुदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर सहयोग के लिए तत्पर रहेगा लेकिन समिति की सक्रिय भूमिका भी अत्यंत आवश्यक है। मौके पर प्रखंड प्रमुख अवधेश साह, झामुमो नेता विलास मंडल, निरंजन पंजियारा, व्यापार मंडल अध्यक्ष निरंजन यादव, मुकेश यादव, प्रदीप भगत, राजू भगत, अशोक भगत, अवनी भगत, यदु नंदन यादव, ध्रुव ज्योति रोशन मेहरा सहित कई लोग उपस्थित थे।



