असम के तिनसुकिया जिले के लाइका बनगांव के जनजातीय लोगों के पास पहुँचा तिनसुकिया जिला प्रशासन का हर विभाग।
धरती आबा जन-भागीदारी अभियान के माध्यम से सरकारी सुविधाएँ प्रदान करने का विशेष प्रयास।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : दूरदराज के पिछड़े क्षेत्रों के जनजातीय लोगों को सरकारी योजनाओं की सभी सुविधाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से 15 जून से शुरू हुए केंद्रीय सरकार के धरती आबा जन भागीदारी अभियान के तहत सोमवार को असम के तिनसुकिया जिले के अत्यंत दूरदराज के लाइका बनगांव में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। माकुम विकास खंड के अंतर्गत गुइजान ग्राम पंचायत के लाइका बनगांव तक केवल नाव से ही पहुँचा जा सकता है। डिब्रू-सैखोवा राष्ट्रीय उद्यान के सोमाज़ क्षेत्र में स्थित लाइका तक गुइजान घाट से ढाई से तीन घंटे की यात्रा करनी पड़ती है। लाइका के फांसीगांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में यह शिविर आयोजित होने के साथ-साथ डूमडूमा विकास खंड के गाभरुभेटी ग्राम पंचायत के 3 नंबर बरहोलुंग गाँव में भी सोमवार को धरती आबा जनभागीदारी अभियान का शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी, उद्योग एवं वाणिज्य, मत्स्य, हस्तकरघा वस्त्र, कृषि, पशुपालन आदि लगभग सभी विकास विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सुविधाएँ कैसे प्राप्त करें, इस बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर सभा स्थल पर एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर और आधार सेवा केंद्र भी स्थापित किया गया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के कार्ड वितरण, क्षय रोग की जाँच, आभा यानी आयुष्मान भारत पहचान पत्र की तैयारी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा नए पात्र लाभार्थियों से राशन कार्ड के लिए आवेदन पत्र या जानकारी संग्रह, कृषि विभाग द्वारा नए लाभार्थियों को पीएम किसान और किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान करना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नए जॉब कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन लेना एवं स्वीकृति आदि कार्य भी वहीं पर पूरे किए गए। उल्लेखनीय है कि इस माह भर चलने वाले कार्यक्रम के तहत ऐसे जनजातीय गरीब–पिछड़े लोग जो अब तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं, उन्हें उनके स्थान पर जाकर आवश्यक सेवाएँ प्रदान करने और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच, पिछले एक सप्ताह में जिले के दूरदराज के भीतरी इलाकों में 38 शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें लोगों की भारी भागीदारी देखी गई है। इससे गाँवों में उत्सव जैसा माहौल बना है। यह अभियान अगले एक सप्ताह तक अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा, यह जानकारी तिनसुकिया जिले के जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा ने दी है ।



