शामली
डीएम ने मामौर पहुंचकर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। डीएम ने मामौर पहुंचकर झील पर बनाए गए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट को नियमित रूप से संचालित करने तथा सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। एक दिन पूर्व सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने भी मामौर झील व प्लांट का जायजा लिया था।
शनिवार को डीएम शामली अरविंद चौहान मामौर झील पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने झील के पानी को ट्रीट करने हेतु नमामि गंगे परियोजना के तहत जल निगम द्वारा स्थापित किये गए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का गहन निरीक्षण किया। डीएम ने प्लांट परिसर में भरे अतिरिक्त पानी को साफ करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्लांट को नियमित रूप से संचालित करने को कहा ताकि झील को ओवरफ्लो होने से रोका जा सके। जिलाधिकारी ने जल निगम के उच्चाधिकारियों से फोन पर वार्ता करके प्लांट को रेगुलर ऑपरेट करने को कहा। विगत दिनों झील के निकटवर्ती किसानों ने ट्रीटमेंट प्लांट को नियमित रूप से संचालित न किये जाने की शिकायत की थी। इसी के मद्देनजर सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने भी मामौर झील व प्लांट का निरीक्षण किया था। उन्होंने जिलाधिकारी को प्लांट पर मिली खामियों से अवगत कराया था। इस दौरान एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री आदि मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया गया है। प्लांट को नियमित संचालित करने तथा साफ-सफाई हेतु निर्देशित किया गया है।


