अमरोहा
Amroha Flood Situation: गंगा का जलस्तर बढ़ने से गांवों में बाढ़ का खतरा! भैंसा बुग्गी और नाव का सहारा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गजरौला : तिगरी में गंगा नदी का जलस्तर 30 सेमी बढ़ने से किनारे के गांवों में चिंता बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने से किसान परेशान हैं। बाढ़ खंड विभाग ने अलर्ट जारी किया है क्योंकि बिजनौर बैराज से 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में पानी घुसने का खतरा है।
1 गंगा में 30 सेमी जलस्तर वृद्धि
2 35 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज
3 खेतों में पानी भरने से चिंता
गजरौला। तिगरी स्थित गंगा के जलस्तर में एक बार फिर वृद्धि हुई है। एक ही रात में 30 सेमी पानी की बढ़ोतरी होने से गंगा का दायरा बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में अब गंगा किनारे पर बसे गांव की तरफ रुख करने लगा है। जिसकी वजह से किसान भी चिंतित होने लगे हैं। खेत पानी से जलमग्न हो चुके हैं। जिसकी वजह से किसानों को भी परेशानी हो रही है। उधर, बाढ़ खंड विभाग ने अब गंगा किनारे के गांव में अलर्ट जारी किया है।
पिछले कुछ दिनों से जलस्तर में बढ़ोतरी और कम होने का सिलसिला चल रहा है। जैसे-जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात होती है। उसी हिसाब से गंगा के जलस्तर में भी वृद्धि होने लगती है।
30 सेमी की हुई वृद्धि, 35 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज, खेत हुए जलमग्न
शनिवार को फिर पहाड़ी इलाकों में तेज वर्षा हुई है। जिसकी वजह से बिजनौर बैराज के डैम ओवरफ्लो हुए और फिर पानी तिगरी की गंगा में छोड़ा गया है। रविवार को 35 हजार क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज करने के बाद गंगा के जलस्तर में 30 सेमी की बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को गेज 199.80 मीटर था जो, रविवार को 200.10 मीटर पर आ गया है।
इन गांवों के लोग परेशान
पानी बढ़ने की वजह से गंगा किनारे पर बसे गांव मंदिर वाली भुड्डी, शीशो वाली, दारानगर, अलीनगर, चकनवाला ऐतवाली, सुल्तानपुर, ओसिता जगदेपुर, कांकाठेर, तिगरी, रसूलपुर भंवर, रसूलपुर एहतमाली, देवीपुर उर्फ मोहसनपुर, पपसरी खादर, मुकरामपुर, शाहजहांपुर छात, रमपुर खादर, चांदरा फॉर्म, रानी बसतौरा, बिसाबली, कुई वाली, देव वाली, पट्टी खादर, झुंडपुरा व हसनपुर तहसील के गांव सिरसा गुर्जर की मढैया, सतैडा की मढैया, गंगानगर, पौरारा, दियावली आदि गांव के लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें खींचने लगी हैं। क्योंकि पानी अब बढ़ेगा तो वह गांव के अंदर भी घुस जाएगा। जिसकी वजह से फिर दुश्वारियां पैदा होगी और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
पहाड़ी क्षेत्र पर वर्षा हो रही है। जिसकी वजह से बिजनौर बैराज से तिगरी की गंगा में 35 हजार क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज किया गया है। आब गंगा के गेज में 30 सेमी की बढ़ोतरी हुई है। पहाड़ों पर वर्ष लगातार होते रही तो गंगा के जलस्तर में भी बढ़ोतरी होती रहेगी। फिलहाल घबराने वाली कोई बात नहीं है। सुभाष कुमार, जेई, बाढ़ खंड विभाग, अमरोहा।
ओसीता जगदेपुर में भैंसा बुग्गी, दारानगर में नाव का सहारा
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने के बाद रामगंगा पोषक नहर के जलस्तर में भी इजाफा होने लगा है। गांव दारानगर के सामने पैंटून पुल हटाने के बाद ग्रामीण नाव के जरिए शहर की तरफ आवागमन कर रहे हैं। ग्रामीण अपनी बाइकों को भी नाव पर लादकर नहर पार कर रहे हैं। उधर गांव ओसीता जगदेपुर में गंगा का पानी खेतों में पूरी तरह से भर गया है। जिसकी वजह से पशुओं के लिए न्यार लाने वाले ग्रामीण भी भैंसा बुग्गी पर सवार होकर पानी के बीच से गुजर रहे हैं।



