भरत पुर
नेशनल प्रेस टाइम्स की खबर का बड़ा असर
वन विभाग की नींद टूटी, अवैध आरा मशीनों पर बड़ी कार्रवाई, 7 मशीनें सील

467 क्विंटल लकड़ी जब्त, वन विभाग की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर/भरतपुर। क्षेत्र में अवैध आरा मशीनों के संचालन और हरे पेड़ों की कटाई को लेकर नेशनल प्रेस टाइम्स समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद वन विभाग की कार्रवाई सामने आई है। खबर में, वैर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध आरा मशीनों के संचालन, लकड़ी की अवैध कटाई तथा कार्रवाई के बावजूद मशीनें दोबारा शुरू होने जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर किया गया था।
खबर में वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बताया गया था कि क्षेत्र में 100 से अधिक अवैध आरा मशीनों के संचालन की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके बाद अब वन विभाग ने अवैध आरा मशीनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वीरमपुरा गांव में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार, उप वन संरक्षक (DCF) पी. बाला मुरुगन के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रतिभा एवं रेंज स्टाफ की टीम ने दबिश देकर अवैध रूप से संचालित सात आरा मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मशीनों के पहिए भी जब्त किए गए। वहीं मौके से चिरी हुई एवं बिना चिरी हुई विभिन्न प्रजातियों की करीब 467 क्विंटल लकड़ी बरामद कर सील की गई।
वन विभाग की यह कार्रवाई राजस्थान वन उपज (आरा मिलों की स्थापना एवं विनियमन) नियम, 1983 के तहत की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध आरा मशीनों के संचालन और वन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
खबर के बाद कार्रवाई से जगी उम्मीद
नेशनल प्रेस टाइम्स में प्रकाशित खबर के बाद वन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, क्षेत्रवासियों का कहना है कि कार्रवाई केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। , वैर और आसपास के गांवों में संचालित संदिग्ध आरा मशीनों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि हरे पेड़ों की कटाई और अवैध लकड़ी कारोबार पर स्थायी अंकुश लग सके।

