हापुड़

ब्रजघाट पर पुलिसकर्मी की पिटाई और अभद्रता…

नाव बुकिंग विवाद में श्रद्धालुओं पर मारपीट का आरोप...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

पिटाई और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल….

हापुड़ (यूपी) – गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट पर एक पुलिसकर्मी और नाविक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाव बुकिंग को लेकर हुए विवाद में कुछ श्रद्धालुओं ने पहले नाविक की पिटाई कर दी । सूचना पर पहुंचे ब्रजघाट पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी के साथ भी अभद्रता की गई । इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ,  गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी आयुष पुत्र गोपाल ब्रजघाट पर नाव चलाता है। मेरठ जिले के किना नगर और गाजियाबाद के भोवापुर से कुआं पूजन के लिए आए कुछ श्रद्धालु घाट पर पहुंचे थे। नाव बुकिंग को लेकर श्रद्धालुओं और नाविक आयुष के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। आरोप है कि श्रद्धालुओं के साथ आए कुछ युवकों ने नाविक आयुष के साथ सरेआम जमकर मारपीट शुरू कर दी । घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी के साथ भी आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाद में अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि नाविक के साथ मारपीट और पुलिसकर्मी से अभद्रता का मामला दर्ज किया गया है। चार आरोपियों को सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया है । वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button