राजस्व उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में राज्यभर में कैंडल मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
Candlelight marches held across the state in protest against the murder of Revenue Sub-Inspector Laxmikant Munda; arrests of the accused demanded.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मुंडा की 24 अक्टूबर 2026 को देर रात अज्ञात अपराधियों द्वारा उनकी हत्या किए जाने के मामले में राज्यभर के राजस्व उपनिरीक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में राज्य के राजस्व उप निरीक्षक संघ के आह्वान पर मंगलवार को प्रदेशभर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके तहत पाकुड़ जिले के राजस्व उप-निरीक्षकों ने पाकुड़ नगर स्थित बीएसएनएल कार्यालय के समीप से मुख्य मार्ग होते हुए वीआईपी रोड तक कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। इस दौरान उपनिरीक्षकों ने सरकार से हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कैंडल मार्च के माध्यम से संघ के पाकुड़ इकाई के सदस्यों ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी पद पर कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए, ताकि मृतक को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। राज्य के राजस्व उप निरीक्षक संघ के पाकुड़ इकाई ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और सम्बन्धित प्रशासन की ओर से मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आन्दोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जायेगा। इसके तहत बुधवार 28 अक्टूबर 2026 को राजस्व उपनिरीक्षक काला बिल्ला लगाकर विरोध जतायेंगे। इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं होने पर गुरुवार 29 अक्टूबर 20260 को राज्यव्यापी कलमबद्ध विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। संघ के सदस्यों ने कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या का मामला गंभीर है और इसमें त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि हत्या के आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में शामिल राजस्व उपनिरीक्षकों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में सरकारी दायित्वों का निर्वहन करने वाले कर्मचारियों के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि राजस्व उपनिरीक्षकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि वे बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का पालन कर सके। संघ पाकुड़ इकाई ने संकेत दिया कि लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के मामले में न्याय मिलने और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक विरोध जारी रखा जायेगा। कैंडल मार्च में झारखण्ड राज्य राजस्व उपनिरीक्षकों संघ के पाकुड़ इकाई के जिला अध्यक्ष पाकुड़ संघ के अध्यक्ष – शिवाशीष वात्स्यायन , राकेश भगत , उपेंद्र यादव ,शेफाली सरदार,सीताराम महतो ,मिथुन कुमार बाबूजी बसकी,सुलेमान हेम्ब्रम , रवि किस्कु एवं अन्य शामिल थे।



