मेरठ

प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया नेचुरोपैथी डे-2026

विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त भारत का संदेश दिया; युवाओं को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 

मुजफ्फरनगर। प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में नेशनल नेचुरोपैथी डे-2026 मनाया गया। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी (NIN) के सहयोग से इंडियन नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) की ओर से आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रही। विद्यालय की मॉर्निंग असेंबली में ‘आओ जानें प्राकृतिक चिकित्सा’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित कर विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त विश्राम, योग, प्राणायाम और तनाव प्रबंधन स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा में पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश जैसे प्रकृति के पांच तत्वों को विशेष महत्व दिया जाता है। साथ ही मड थेरेपी, हाइड्रोथेरेपी, आहार चिकित्सा, मसाज थेरेपी, सन थेरेपी और योग-प्राणायाम जैसी पद्धतियों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी।

डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 18 नवंबर को राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया जाता है। इस दिवस की शुरुआत वर्ष 2018 में आयुष मंत्रालय द्वारा की गई थी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 1945 को महात्मा गांधी अखिल भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बने थे। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक भोजन, नियमित शारीरिक गतिविधियों, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा प्रकृति के करीब रहकर अनुशासित और स्वस्थ जीवन जीने का संदेश देती है।

कार्यक्रम के दौरान इंडियन नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष प्रवेंद्र दहिया ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। आयोजन को सफल बनाने में INO मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष प्रवेंद्र दहिया एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए उपयोगी बताया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button